पश्चिम बंगाल के साथ-साथ अगले साल असम में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता अमित शाह बंगाल के साथ-साथ 'मिशन असम' की तैयारी में भी जुट गए हैं। असम में आयोजित एक रैली के दौरान विपक्ष पर तो जमकर बरसे ही साथ ही स्थानीय और केंद्र सरकार के कामकागजों का लेखा-जोखा भी दिया। उन्होंने गुवाहाटी के अपने भाषण में अलगाववाद, कोरोना, सीजेआई और भूपेन हजारिका के नाम की भी चर्चा की।

1. मैं उन सबसे आज पूछना चाहता हूं कि क्या दिया आपने असम के लोगों को आंदोलन करके। कोई विकास कार्य नहीं हुआ, अगर हुआ तो केवल असम के युवाओं को शहीद करने का काम हुआ। चुनाव का मौसम आने वाला है। फिर से ये अलगाववाद की बात करने वाले चेहरा और रंगरूप सब बदलकर लोगों के बीच मे आएंगे। हमें उल्टा सुलटा समझाएंगे, आंदोलन की दिशा में ले जाएंगे।

2. जहां तक भाजपा का सवाल है, असम को इन 6 साल के अंदर हमने कभी पराया नहीं समझा। असम को दिल्ली ने प्राथमिकता दी है, नार्थ ईस्ट को प्राथमिकता दी है। हर योजना का फायदा असम और यहां की जनता को पहुंचे इसका प्रयास हमने किया है।

3. अभी कुछ लोग कृषि सुधार कानूनों को लेकर बड़ा आंदोलन कर रहे हैं। मैं सभी से इस मौके पर अपील करना चाहता हूं कि आप मुख्यधारा में आइये, सरकार के साथ चर्चा कीजिये और समस्या का समाधान ढूंढ़िए।

4. भूपेन हजारिका न केवल असम बल्कि पूरे उत्तर पूर्व के साहित्य और कला के प्रतीक बनकर देश मे रहे हैं। मगर उन्हें कोई सम्मान नहीं मिला। नरेन्द्र मोदी जी ने भूपेन हजारिका जी को भारत रत्न देकर हमारे साहित्य और कला को आगे बढ़ाने का काम किया है।

5. मुझे ये कहते हुए खुशी हो रही है कि देश मे कोरोना का सामना करने में असम सबसे ऊपर के राज्यों में रहा है। टेस्टिंग के मामले में ये आगे रहा। यहां मृत्यु दर भी .47 % रही।

6. एक जमाने में यहां के सारे राज्यों में अलगाववादी अपना एजेंडा चलाते थे, युवाओं के हाथों में बंदूक पकड़ाते थे। आज वो सभी संगठन मुख्य प्रवाह में शामिल हो गए हैं और आज युवा अपने नए स्टार्टअप के साथ विश्व भर के युवा के साथ स्पर्धा करके अपने अष्टलक्ष्मी को भारत की अष्टलक्ष्मी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

7. पहले 5 साल में कभी कभार कोई प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर में आता था। लेकिन मोदी जी ने 6 साल के अंदर स्वयं 30 बार पूर्वोत्तर के दौरा किया है और हर बार तौफा लेकर आये हैं। मोदी जी ने पूर्वोत्तर के विकास को केंद्र में रखकर 6 साल सरकार चलाई है। मुझे भरोसा है कि आगे भी हमारी सरकार इसी प्रकार पूर्वोत्तर की सेवा करती रहेगी।

8. आज राज्य के अंतर्गत 11 विधि कॉलेजों की स्थापना की आधारशिला रखी गई है। असम ने इस देश को गोगोई साहब के रूप में CJI देने का काम किया है। ये विधि विद्यालय अनेक ऐसे विद्वानों को हमारी न्याय प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए देंगे।

9. मोदी जी जबसे प्रधानमंत्री बनें तब से असम की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बहुत बड़ा योगदान किया है। असम में लगभग 15 लाख अस्थाई और 5-10 लाख स्थायी आबादी के लिए आधुनिक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनने वाली है। 

10. मुझे आज बड़ा आनंद है कि श्रीमंत शंकरदेव का जो जन्मस्थान था, वो घुसपैठियों ने कब्जाया हुआ था। उसे खाली करके आज शंकर देव की महान स्मृति को चीर काल तक स्थायी करने का काम हेमंत विश्वा शर्मा और हमारे मुख्यमंत्री जी करने जा रहे हैं।