राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश पहुंच रही हैं। जुलाई 2022 में राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी अरुणाचल प्रदेश की यह पहली यात्रा होगी। राष्ट्रपति चुनाव से पहले उन्होंने अपने लिए समर्थन जुटाने के लिए इस सीमावर्ती राज्य का दौरा किया था।

ये भी पढ़ेंः अरुणाचल प्रदेश में पेपर लीक मामले को लेकर बंद से सामान्य जनजीवन प्रभावित

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति 20 फरवरी (सोमवार) को यहां आईजी पार्क में अरुणाचल प्रदेश के 37वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगी और उसके अगले दिन मंगलवार को विधानसभा हॉल में सदन के विशेष सत्र के दौरान राज्य विधानसभा के सदस्यों को संबोधित करेंगी। अरुणाचल प्रदेश (उगते सूरज की भूमि) को पहले नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी (एनईएफए) के रूप में जाना जाता था और उसने 20 फरवरी, 1987 को पूर्ण राज्य का दर्जा प्राप्त किया। इसके बाद वह भारतीय संघ का 24वां राज्य बन गया।

ये भी पढ़ेंः एपीपीएससी विवादः मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने दिया आश्वासन, पीएजेएससी ने वापस लिया अनिश्चितकालीन बंद


यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति दोपहर 12.15 बजे ईटानगर के डोनी पोलो हवाईअड्डे पर उतरेंगी। हवाई अड्डे के परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के बाद, वह दोपहर 12.35 बजे ईटानगर से वायुसेना के हैलीकॉप्टर से राजभवन पहुंचेंगी राजभवन में दोपहर का भोजन करने के बाद राष्ट्रपति दोपहर 3.05 बजे राज्यत्व दिवस समारोह में शामिल होगीं और इस अवसर उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। इसके बाद वह सभा को सम्बोधित करेंगी। वह शाम को राजभवन में जानी-मानी हस्तियों से मुलाकात करेंगी। राजभवन में रात्रि विश्राम के बाद राष्ट्रपति सुबह 9.50 बजे अरुणाचल विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए रवाना होंगी।

विधानसभा के विशेष सत्र में सदस्यों को संबोधित करने से पहले राष्ट्रपति यहां विधानसभा परिसर में अरुणाचल प्रदेश के गुमनाम नायकों पर एक फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। स्थापना दिवस समारोह में अरुणाचल के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू और राज्य के उपमुख्यमंत्री चौना मीन भी शामिल होंगे।