दिल्ली दंगों के ठीक एक साल बाद उत्तर पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त वेदप्रकाश सूर्या का तबादला कर दिया गया है। उनकी नई तैनाती उपायुक्त राष्ट्रपति भवन के तौर पर हुई है। सूर्या के साथ 13 अन्य आईपीएस अधिकारियों और तीन दानिप्स अधिकारियों का तबादला किया गया है।


गृह मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद अरुणाचल प्रदेश से लौटे कैमी कैमेंग को सुरक्षा के संयुक्त आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अरुणाचल से लौटे रोमिल बानिया को आर्म्ड पुलिस संयुक्त आयुक्त का कार्यभार सौंपा गया है। पुलिस उपायुक्त गीता रानी वर्मा को पदोन्नति देकर महिला एवं बच्चों की विशेष इकाई का अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है।


मिजोरम से तबादला होकर दिल्ली पहुंचे आर साथिया सुंदरम को शाहदरा जिले का पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है। शाहदरा जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन को उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रणब तयॉल को रोहिणी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी को दक्षिण पूर्वी जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं मिजोरम से लौटे विक्रम सिंह को पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक बनाया गया है।

 दानिप्स अधिकारी अनिता राय को उत्तरी जिले का अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। इससे पूर्व वह पुलिस उपायुक्त सुरक्षा थीं। वहीं विनित कुमार को पुलिस उपायुक्त राष्ट्रपति भवन से पूर्वी जिले का अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। स्पेशल सेल में सहायक पुलिस आयुक्त रहे आलोक कुमार को पदोन्नति देकर स्पेशल सेल का अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।